जगदलपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय प्रदेश के किसानों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और समग्र विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले प्रदेश के 25.24 लाख से अधिक किसानों को 3100 प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान होली से पूर्व उनके बैंक खातों में किया जाएगा। अंतर की करीब 10,000 करोड़ की यह राशि सीधे किसानों तक पहुंचेगी, जिससे गांवों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और बाजारों में रौनक बढ़ेगी। उक्त बातें भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष योगेश ठाकुर ने प्रेस को जारी बयान में कही है।
उन्होंने कहा कि खरीफ वर्ष 2025-26 में 141.04 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी कर छत्तीसगढ़ ने देश में नया कीतिर्मान स्थापित किया है। पिछले दो वर्षों में किसानों को लगभग 25,000 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है और आगामी भुगतान के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 35,000 करोड़ हो जाएगा, यह भाजपा सरकार की किसान-समर्पित सोच और वचनबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट लक्ष्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करना, किसानों की आय में वृद्धि करना और वित्तीय अनुशासन के साथ प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाना है। भाजपा सरकार केवल घोषणा नहीं, बल्कि समयबद्ध क्रियान्वयन में विश्वास रखती है। होली के पावन अवसर पर किसानों को यह बड़ी सौगात प्रदेश के अन्नदाताओं के सम्मान का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं मंत्रिपरिषद का बस्तर भाजपा किसान मोर्चा ने आभार व्यक्त किया है।
Must Read
