स्थानीय अनुनय कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल विद्यालय की पूर्व मेधावी छात्रा गीतांशी आदित्य, ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (यूजीसी एनइटी दिसंबर 2025–26 सत्र) में अंग्रेज़ी विषय से 99.87 पर्सेंटाइल अर्जित करते हुए जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) के लिए योग्य घोषित हुई हैं। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी – यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन ) द्वारा प्रदत्त कनिष्ठ अनुसंधान अध्येतावृत्ति (जेआरएफ ) के अंतर्गत गीतांशी को डॉक्टरेट (पीएच.डी.) शोध कार्य हेतु कुल पाँच वर्षों तक मासिक अनुसंधान छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अंतर्गत प्रारंभिक दो वर्षों तक 37 हजार रुपये प्रतिमाह, जबकि आगामी तीन वर्षों तक 42 हजार रुपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति प्राप्त होगी।
गीतांशी आदित्य ने सत्र 2017–18 में अनुनय कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल से कक्षा 12वीं की परीक्षा 90.8 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी। विद्यालय में अध्ययन के दौरान ही उनकी प्रतिभा, अनुशासन एवं परिश्रमशीलता स्पष्ट रूप से दिखाई देती थी। उसी मजबूत शैक्षणिक आधार पर आगे चलकर उन्होंने निरंतर कठिन परिश्रम से यह राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है। उल्लेखनीय है कि पूरे देश में किसी भी विषय से JRF के लिए केवल 0.5 से 1 प्रतिशत परीक्षार्थियों का ही चयन होता है, जिससे उनकी सफलता और भी प्रेरणादायक बन जाती है।
गीतांशी आदित्य बाराद्वार निवासी मनीष आदित्य, प्रप्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोरथा की सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का वातावरण है।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक योगेश कुमार साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “गीतांशी आदित्य की यह उपलब्धि अनुनय कॉन्वेंट स्कूल के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। वे विद्यालय की मेधावी छात्रा रही हैं और उनकी सफलता यह सिद्ध करती है कि सही मार्गदर्शन, अनुशासन एवं निरंतर मेहनत से किसी भी ऊँचाई को प्राप्त किया जा सकता है।
विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने गीतांशी आदित्य को इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी तथा वर्तमान विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेकर उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रोत्साहित किया।j
